कैंसर जनक खरपतवार नाशक पैराक्वाट डाइक्लोराइड पर प्रतिबंध; किसान संघ ने कहा, सरकार का निर्णय दूरदर्शी, संवेदनशील और किसान व जन हितैषी

IVSK

किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने कहा कि भारतीय किसान संघ जहरमुक्त खेती, स्वस्थ, समृद्ध व स्वावलंबी किसान और आत्मनिर्भर गांव की संकल्पना पर कार्य कर रहा है। इस दिशा में पैराक्वाट डाइक्लोराइड जैसे कैंसरजनक रसायन पर प्रतिबंध लगाने का पहला व शुरुआती बड़ा कदम है।

नई दिल्ली, 15 जुलाई 2026। ​भारतीय किसान संघ ने अत्यंत घातक खरपतवार नाशक ‘पैराक्वाट डाइक्लोराइड’ पर प्रतिबंध लगाने के केंद्र सरकार के निर्णय का स्वागत किया है। किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने सरकार के निर्णय को देश के करोड़ों किसानों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर बताया।

उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ जहरमुक्त खेती, स्वस्थ, समृद्ध व स्वावलंबी किसान और आत्मनिर्भर गांव की संकल्पना पर कार्य कर रहा है। इस दिशा में पैराक्वाट डाइक्लोराइड जैसे कैंसरजनक रसायन पर प्रतिबंध लगाने का पहला व शुरुआती बड़ा कदम है। सरकार से आग्रह है कि किसान व आम नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते ग्लाइफोसेट जैसे अन्य खरपतवार नाशक रसायनों पर भी शीघ्र प्रतिबंध लगाए।

​स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील निर्णय

कैंसर जैसी अन्य गंभीर और जानलेवा बीमारियों का जनक माना जाने वाला यह रसायन मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए एक बड़ा खतरा बना हुआ था। इस पर प्रतिबंध लगाकर सरकार ने नागरिकों के जीवन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

​भारतीय किसान संघ द्वारा लगातार उठाई जा रही मांग को स्वीकार कर केंद्र सरकार ने यह साबित किया है कि वह किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।

पैराक्वाट डाइक्लोराइड नींदानाशक रसायन का उपयोग मूंग की फसल को सुखाने के लिए बड़ी तेजी से बढ़ा था। जिसके कारण मूंग का सेवन स्वास्थ के लिए हानिकारक होने लगा था।

इस निर्णय से देश में गौ-आधारित जैविक, प्राकृतिक और सुरक्षित कृषि पद्धतियों को नई ताकत मिलेगी, जिससे आने वाली पीढ़ियां और हमारी कृषि भूमि दोनों सुरक्षित रह सकेंगी।

भारतीय किसान संघ ने सरकार के निर्णय को दूरदर्शी, संवेदनशील और जनहितैषी बताते हुए स्वागत किया। और कहा कि देश के कृषि जगत को अधिक सुरक्षित व समृद्ध बनाने के सरकार के हर प्रयास में सहयोग के लिए पूरी तरह संकल्पित रहेगा।

 

Related Posts you may like

इंद्रप्रस्थ संवाद - नवीन अंक