युवाओं में गहन अध्ययन और राष्ट्रहित की भावना विकसित करना आवश्यक : डॉ. कृष्ण गोपाल जी

IVSK

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी ने कहा कि भारतीय ज्ञान परम्परा, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों विषयों का गहन अध्ययन करने की प्रेरणा दी।

लखनऊ, नवंबर 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ महानगर द्वारा ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

डॉ. कृष्ण गोपाल जी ने युवाओं को देश-दुनिया में घटित हो रही घटनाओं और समसामयिक विषयों का गहन अध्ययन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवाओं में केवल सतही जानकारी प्राप्त करने के बजाय विषयों को गहराई से समझने और उनका विश्लेषण करने की प्रवृत्ति विकसित होनी चाहिए।

भारत की समृद्ध ज्ञान परम्परा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने विश्व को गणित, शून्य एवं दशमलव पद्धति, आयुर्वेद, योग, खगोल विज्ञान और दर्शन जैसी महत्वपूर्ण ज्ञान परम्पराएँ प्रदान की हैं। युवाओं को अपनी इस गौरवशाली विरासत को समझना चाहिए और उसके प्रति गौरव का भाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उन्नति और रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि उसमें राष्ट्रहित तथा देश की प्रगति में योगदान देने का भाव भी समाहित होना चाहिए।

बौद्धिक सत्र पश्चात जिज्ञासा समाधान सत्र में डॉ. कृष्ण गोपाल जी ने युवाओं के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। वैश्विक स्तर पर भारतीय प्रतिभा की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि विश्व की बहुत सी बड़ी कम्पनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) भारतीय मूल के हैं। यह भारतीय प्रतिभा, क्षमता और बौद्धिक सामर्थ्य का परिचायक है।

सामाजिक समरसता के विषय पर उन्होंने कहा कि संघ के भीतर जाति-पाति का कोई महत्व नहीं है। अनेक स्वयंसेवक वर्षों तक साथ कार्य करते हैं, लेकिन उनके बीच जातिगत पहचान कभी प्राथमिकता का विषय नहीं बनती। संघ में आपसी आत्मीयता, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक भाव को सर्वोपरि महत्व दिया जाता है। संघ की निर्णय प्रक्रिया पर कहा कि संघ में विचार-विमर्श और लोकतांत्रिक परम्पराओं का विशेष महत्व है। निर्णय केवल बहुमत के आधार पर लेने के बजाय सभी के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया जाता है।

आधुनिकता और भारतीय जीवन मूल्यों के सम्बन्ध में कहा कि आधुनिकता को अपनाते समय पारिवारिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के साथ सामंजस्य बनाए रखना आवश्यक है। समाज को उपभोक्तावादी मानसिकता से बाहर निकलने की आवश्यकता है। व्यक्ति को अपनी वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप ही उपभोग करना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण पर कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपना व्यक्तिगत ध्येय बनाना चाहिए तथा अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण के अनुरूप व्यवहार अपनाना चाहिए।

 

Related Posts you may like

इंद्रप्रस्थ संवाद - नवीन अंक