सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने देखा घोष संचलन, जोधपुर में जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

IVSK

तीन अलग-अलग स्थानों से निकले संचलनों का सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों ने किया स्वागत; 7 से 80 वर्ष तक के स्वयंसेवकों ने घोष वादन में लिया भाग, महिलाओं ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार किया अभिनंदन।

जालोरी गेट पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने किया संचलन का अवलोकन

जोधपुर, 14 नवंबर 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जोधपुर प्रांत के चार दिवसीय घोष शिविर ‘मरु निनाद-2026’ के तीसरे दिन शिविरार्थी घोष वादकों का जोधपुर शहर में पथ संचलन निकला।

इससे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी 14 नवंबर 2026 दो दिवसीय दौरे पर जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहाँ संघ के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। वे सीधे लूणी क्षेत्र के शिकारपुरा स्थित श्री राजाराम आश्रम पहुंचे, और वहां उन्होंने संत श्री राजाराम जी महाराज की समाधि/प्रतिमा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। ​आश्रम के गादीपति महंत श्री दयाराम जी महाराज ने डॉ. भागवत का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न (गौ माता की प्रतिमा) भेंट किया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के चार दिवसीय प्रांत स्तरीय घोष शिविर ‘मरु निनाद-2026’ के तहत शनिवार शाम जोधपुर शहर में भव्य घोष संचलन निकला गया। संचलन तीन अलग अलग स्थानों से शाम को ठीक 4 बजे से शुरू हुआ। शहर के तीन अलग-अलग स्थानों से निकलने वाले संचलनों के स्वागत के लिए प्रमुख चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने जालोरी गेट चौराहे पर घोष संचलन का अवलोकन किया।

जालोरी गेट चौराहे पर मरुधरा मातृशक्ति मंच की ओर से पथ संचलन का स्वागत किया गया। राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने मारवाड़ की संस्कृति और परंपराओं की  झलक प्रस्तुत की। कुछ बहनें नवदुर्गा के स्वरूप में नजर आईं। 51 बहनों ने सिर पर कलश धारण कर स्वागत किया, जबकि 51 बहनों ने आरती की थाल सजाकर संचलन का अभिनंदन किया। संचलन के दौरान अहिल्याबाई होल्कर, रानी लक्ष्मीबाई और रानी अब्बक्का के वेश में सजी महिलाएं भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

जलजोग चौराहे को लघु उद्योग भारती की ओर से आकर्षक रूप से सजाया गया। यहां शहर के उद्योगपतियों ने पुष्प वर्षा कर संचलन का स्वागत किया। हिन्दू समाज के विभिन्न वर्गों ने संचलन का अलग अलग स्थानों पर विभिन्न समितियों के माध्यम से भव्य स्वागत किया। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों ने संचलन पर पुष्प वर्षा की।

शिकारपुरा स्थित राजाराम आश्रम पहुंचने के पश्चात सरसंघचालक जी ने शिविरार्थियों से संवाद किया। उन्होंने दोपहर का भोजन भी स्वयंसेवकों के साथ ही किया।

15 नवंबर को होगा शिविर का समापन

प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा के अनुसार, घोष वर्ग का समापन 15 नवंबर को श्री राजाराम आश्रम में होगा। समापन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात सामूहिक सामाजिक भोज होगा। सामूहिक भोज में शिविरार्थी स्वयंसेवकों के साथ उनके परिवारजन, जोधपुर के स्वयंसेवक परिवार के साथ सम्मिलित होंगे।

7 से 80 वर्ष तक के स्वयंसेवकों ने किया घोष वादन

पथ संचलन में 7 से 80 तक के स्वयंसेवकों ने घोष वादन करते हुए संचलन किया। 75 वर्ष के बाली से आए स्वयंसेवक ने जोश के साथ पणव का वादन किया। इसी प्रकार छोटे स्वयंसेवकों ने घोष के वाद्य आनक, पणव, झांझ, झल्लरी, वंशी, वेणु, मधुरिका, तुरी, सहित अन्य प्रकार के वाद्यों का वादन किया।

 

Related Posts you may like

इंद्रप्रस्थ संवाद - नवीन अंक