रामटेक में दत्ता मेघे स्मारक का अनावरण, कृषि महाविद्यालय व पशु चिकित्सा अस्पताल का लोकार्पण; भारतीय जीवनदृष्टि और ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा पर किया प्रकाश।
रामटेक में स्व. दत्ता जी मेघे स्मारक का अनावरण; कृषि महाविद्यालय और पशु चिकित्सा अस्पताल का लोकार्पण
रामटेक, 12 नवम्बर 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने कहा कि हमारा देश प्राचीन है और हमारे जीवन का अनुभव भी उतना ही प्राचीन है। आज पूरी दुनिया जिन कठिनाइयों का सामना करते हुए आगे बढ़ने का रास्ता तलाश रही है, उन परिस्थितियों का अनुभव हमारे पूर्वज बहुत पहले ही कर चुके थे। उन अनुभवों से सीख लेकर एक विकसित जीवनशैली का निर्माण किया। आज पूरी दुनिया इस जीवनशैली का अध्ययन कर रही है और उसे अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। भारत की दृष्टि समग्र और एकात्मता की है। अपने पारंपरिक ज्ञान के आधार पर दुनिया को विकास का नया मार्ग दिखाने की जिम्मेदारी अब भारत पर है।
श्री दत्ता मेघे फाउंडेशन की ओर से गुरुवार को रामटेक में आयोजित लोकनेते स्व. दत्ता जी मेघे स्मारक का अनावरण, साथ ही नंदकिशोर जयसवाल कृषि महाविद्यालय तथा शालिनीताई दत्ता मेघे पशु चिकित्सा अस्पताल के लोकार्पण समारोह में सरसंघचालक जी संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शालिनीताई मेघे, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मानव, पशु और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे का पूरक है
सरसंघचालक जी ने कहा कि यदि पर्यावरण का संतुलन ठीक नहीं रहेगा, तो हम स्वस्थ नहीं रह सकते। इसी प्रकार यदि पशुओं का स्वास्थ्य अच्छा नहीं होगा, तो पशुओं में होने वाले रोगों का संक्रमण मनुष्यों तक भी पहुंच सकता है।
यदि मनुष्य, पर्यावरण और जीव-जंतुओं के महत्व को समझकर उनके साथ समन्वय बनाकर जीवन नहीं जीता, तो पूरी सृष्टि संकट में आ सकती है। आज पूरी दुनिया अपने अनुभवों से यह सीख रही है, जबकि भारत के लिए यह अनुभव हजारों वर्ष पुराना है। इसी ज्ञान के आधार पर हमारे पूर्वजों ने जीवनशैली विकसित की और त्योहारों एवं उत्सवों की परंपराओं का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा आधुनिक दुनिया को पिछले 20-30 वर्षों में समझ में आई है। लेकिन मानव, पशु और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है, यह विचार भारतीय जीवनशैली में परंपरागत रूप से मौजूद रहा है।
हमारे त्योहारों और परंपराओं में भी यही भावना दिखाई देती है। वसु बारस पर गाय की पूजा और गोवर्धन पूजा इसके प्रमुख उदाहरण हैं। पहले हमारी पारंपरिक प्रथाओं और गोबर के उपयोग का दुनिया में मजाक उड़ाया जाता था, लेकिन अब धीरे-धीरे दुनिया को उसका महत्व समझ में आने लगा है।
देशी गोवंश की क्षमता को हमने नजरअंदाज किया
पशु चिकित्सा शिक्षा और देशी गोवंश के संरक्षण पर बात करते हुए सरसंघचालक जी ने कहा कि, लोग समय-समय पर मुझे याद दिलाते हैं कि आप पशु चिकित्सक हैं। हां, मैं पशु चिकित्सक हूं। पहले पशु चिकित्सक के रूप में अपनी पहचान बताने में कई लोगों को संकोच होता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। पशु चिकित्सा के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं और उन्नत बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में पहले से ही बेहतर क्षमता वाली देशी गौवंश की नस्लें मौजूद थीं। उनकी दूध उत्पादन क्षमता और अन्य विशेषताओं में सुधार करने की पर्याप्त संभावनाएं थीं, लेकिन हमने इस दिशा में पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। इसके बजाय दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए जर्सी जैसी विदेशी नस्लों को देश में लाया गया।
अन्य देशों ने अपने पशुधन की नस्लों में सुधार कर उनका विकास किया, लेकिन हम अपनी देशी गौवंश की क्षमताओं का पूरा उपयोग नहीं कर पाए। इसलिए देश में उपलब्ध संसाधनों और क्षमताओं का उचित विकास करना आवश्यक है।
हम प्रकृति के मालिक नहीं, बल्कि सृष्टि का एक हिस्सा हैं
मोहन भागवत जी ने मानव जीवन दृष्टि पर कहा कि अब तक मनुष्य इस मानसिकता से सोचता रहा कि वह प्रकृति का मालिक है। उसे लगता था कि प्रकृति के संसाधनों का असीमित उपयोग किया जा सकता है। लेकिन अब मनुष्य को यह समझ आने लगा है कि वह प्रकृति का मालिक नहीं, बल्कि प्रकृति सहित इस विशाल सृष्टि का एक हिस्सा है। हम सभी का जीवन एक-दूसरे पर निर्भर है। मनुष्य की जीवन दृष्टि ऐसी होनी चाहिए, जिसमें केवल अपने जीवन का नहीं, बल्कि सभी के जीवन का विचार हो। जैव विविधता, पर्यावरण और संपूर्ण जीव-जगत का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, तभी मानव जीवन सुखी और स्वस्थ रह सकता है। इसके लिए मनुष्य को स्वयं पर संयम के नियम लागू करने होंगे। हमारे पूर्वजों ने हजारों वर्ष पहले ही इस ज्ञान को आत्मसात कर लिया था। अब पूरी दुनिया को भी इसका महत्व समझ में आने लगा है।
आत्मनिर्भरता के आधार पर दुनिया के कल्याण का विचार
उन्होंने कहा कि अपने पारंपरिक ज्ञान के आधार पर संपूर्ण दुनिया को नई जीवनशैली देने की जिम्मेदारी भारत पर है। संपूर्ण विश्व इस दृष्टि से भारत की ओर देख रहा है। ऐसे समय में भारत में इस विषय पर गंभीरता से विचार होना चाहिए और इसके अनुरूप विज्ञान तथा जीवनशैली का पुनर्गठन किया जाना आवश्यक है। यदि हम अपने पास उपलब्ध ज्ञान और संसाधनों का उचित उपयोग करके विकास करेंगे, तो दुनिया पर निर्भर हुए बिना आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। दूसरों पर निर्भर रहने से संबंधित देश अपने स्वार्थ पूरे कर सकते हैं। इसलिए हमें अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए। आत्मनिर्भरता से ही वास्तविक स्वतंत्रता और आत्मविश्वास प्राप्त होता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अपने विकास का उपयोग दुनिया के कल्याण के लिए भी करना चाहिए।
इस परिसर में विकसित हो रही शैक्षणिक और पशु चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से भारत की ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने का अवसर मिलेगा और देश की आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस नई पहल से भारत के विकास का एक आदर्श मॉडल तैयार होगा और शांतिपूर्ण एवं समृद्ध विश्व के निर्माण में इसका योगदान मिलेगा।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक सागर मेघे ने किया, जबकि समीर मेघे ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

IVSK




