इंदौर में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक प्रारंभ, शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा

IVSK

शाखा विस्तार और दृढ़ीकरण के साथ पंच परिवर्तन को समाज के व्यवहार में उतारने की कार्ययोजना पर होगा मंथन; देशभर से लगभग 400 प्रतिनिधि शामिल हुए है।

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा, पंच परिवर्तन के क्रियान्वयन तथा शाखा विस्तार और दृढ़ीकरण पर होगा विचार-विमर्श

इंदौर, 2 नवंबर 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक आज डेली कॉलेज के संत श्री रविदास जी महाराज सभागार में प्रारम्भ हुई। बैठक का शुभारंभ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी एवं सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन करके किया।

बैठक में देशभर से लगभग 400 प्रतिनिधि उपस्थित हैं। इनमें सरसंघचालक जी, सरकार्यवाह जी, सभी सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय पदाधिकारी, संघ के सभी 11 क्षेत्रों के क्षेत्र संघचालक, क्षेत्र कार्यवाह एवं क्षेत्र प्रचारक तथा सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह, प्रांत प्रचारक एवं उनके सहयोगी कार्यकर्ता सम्मिलित हैं। इसके साथ ही संघ प्रेरित कुछ विविध संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री एवं सह संगठन मंत्री भी बैठक में आमंत्रित हैं।

बैठक 4 नवंबर की सायंकाल तक चलेगी। इसमें संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। इन कार्यक्रमों के आगामी क्रियान्वयन, अनुवर्तन तथा उनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने के विषय में विचार-विमर्श होगा। विशेष रूप से पंच परिवर्तन के विषयों को समाज के व्यवहार में प्रभावी रूप से उतारने तथा उनके निरंतर अनुवर्तन की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।

शताब्दी वर्ष में स्वयंसेवकों द्वारा किए गए शाखा विस्तार की भी समीक्षा की जाएगी। विस्तारित शाखाओं को अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाने, उनका दृढ़ीकरण करने तथा अधिकाधिक स्थानों पर शाखाएं प्रारंभ करने के संबंध में भी विचार-विमर्श होगा।

सरसंघचालक जी के विजयादशमी उद्बोधन में समसामयिक राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर प्रस्तुत विचारों की भी बैठक में चर्चा होगी। इन विषयों को समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा उनके अनुरूप आगामी कार्ययोजना बनाने पर विचार किया जाएगा।

तीन प्रमुख व्यक्तित्वों पर सरकार्यवाह जी के वक्तव्य

बैठक में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी की ओर से तीन महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के संबंध में वक्तव्य जारी किए जाएंगे।

  1. श्री राजनारायण बसु – राष्ट्रीय चेतना के पितामह श्री राजनारायण बोस की 200वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन एवं योगदान के संबंध में वक्तव्य।
  2. स्वामी श्रद्धानंद जी – शुद्धिकरण आंदोलन के पुरोधा स्वामी श्रद्धानंद जी के बलिदान के 100वें वर्ष के अवसर पर उनके जीवन, कार्य एवं योगदान पर वक्तव्य।
  3. वेदांत केसरी स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती जी – ओडिशा के कंधमाल जनजातीय क्षेत्र में स्वाभिमान, स्वावलंबन एवं स्वधर्म की जागृति के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती जी के जन्म के 100वें वर्ष के अवसर पर वक्तव्य।

समाज जीवन की प्रमुख हस्तियों को श्रद्धांजलि

बैठक के प्रारम्भ में सरकार्यवाह जी ने गत कुछ माह में दिवंगत समाज की प्रमुख हस्तियों और कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनमें प्रमुख हैं – फिल्म अभिनेता श्री नाना पाटेकर, श्रीमती आशा भोंसले, पूज्य संत पद्मश्री रमेश बाबा, विवेकानंद केन्द्र के पूर्व अध्यक्ष श्री बालकृष्णन जी, श्री बलवीर पुंज, श्री एस. वेदांतम् – चेन्नई, पत्रकार श्री विराग पाचपोर, पराग वेदिक – मुंबई, भूतपूर्व कुलपति श्री देवेंद्र प्रताप सिंह एवं श्री सच्चिदानन्द महंती, प्रसिद्ध गायिका एस. जानकी एवं सुमन कल्याणपुरीकर, संघ के वरिष्ठ प्रचारक रहे श्री विनोद कुमार आदि।

संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर प्रदर्शनी

बैठक स्थल पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा तथा मालवा क्षेत्र में संघ कार्य के क्रमिक विकास को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी ने 31 अक्तूबर को प्रदर्शनी का उद्घाटन किया था। आज से यह प्रदर्शनी मीडिया प्रतिनिधियों के अवलोकन के लिए भी उपलब्ध कराई गई है।

 

Related Posts you may like

इंद्रप्रस्थ संवाद - नवीन अंक