विमोचन के बाद में उपस्थित जन समूह एवं मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा की दिल्ली में संघ के कार्यों को जानने के साथ – साथ राष्ट्रीय विचारों को जानने के लिए यह वेबसाइट एक अच्छा स्थान होगा। सामान्य जन से लेकर मीडिया तक सभी के लिए यह वेबसाइट उपयोगी होगा।
नई दिल्ली 14 जनवरी 2023: इन्द्रप्रस्थ विश्व संवाद केन्द्र की नवीन वेबसाइट www.ivskdelhi.in का विमोचन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख माननीय सुनील आंबेकर जी के कर कमलों द्वारा शनिवार 14 जनवरी 2023 को सम्पन्न हुआ।
विमोचन के बाद में उपस्थित जन समूह एवं मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा की दिल्ली में संघ के कार्यों को जानने के साथ – साथ राष्ट्रीय विचारों को जानने के लिए यह वेबसाइट एक अच्छा स्थान होगा। सामान्य जन से लेकर मीडिया तक सभी के लिए यह वेबसाइट उपयोगी होगा।
आंबेकर जी ने कहा की आज मकर संक्रांति का त्योहार है। त्योहार हमारे जीवन में उत्साह लाते है। यह उत्साह हमें और अच्छे कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। ये त्योहार परिवार एवं समाज में सभी लोगों को जोड़ने का कार्य करते है। हमारे त्योहारों के अलग – अलग नाम है लेकिन उद्देश्य एक ही हैं, ये पुरे देश को जोड़ते है। ये वर्तमान को भी जोड़ते है और हमारे हजारों वर्षों के इतिहास को भी जोड़ते है। उन्होंने कहा की जब हम अपने त्योहारों को मानते है तो यह सुनिश्चित करते है की हजारों वर्षों से चली आ रही अपनी संस्कृति की धारा की प्रवाह को आगे भी बनाये रखेंगे। हमारे त्योहारों का संवर्धन एवं संरक्षण बहुत आवश्यक है। इन त्योहारों के प्रति लोगों की आस्था का सम्मान होना चाहिए। ये त्योहार हमारे युवा पीढ़ी को हमारी सभ्यता एवं संस्कृति से जोड़ते है।
भारत में आ रहे बदलावों के जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक हर जाति समुदाय से सकारात्मक नेतृत्व उभर कर सामने आ रहा है। लोग शांति के साथ विकास चाहते हैं और देश के विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते हैं। यह वेबसाइट ऐसे नेतृत्व को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भारत के संविधान की आत्मा भारत की आत्मा से जुड़ा हुआ है। हमारा देश हजारों वर्षों तक आर्थिक रूप से समृद्ध रहा है। हमने दुनिया को बताया है की शोषण के बिना भी समृद्धि आती है। परन्तु मुगलों के आने के बाद देश में विदेशी व्यवस्था लागू हुई। जिसे अपने राज्याभिषेक के बाद शिवाजी महाराज ने तेजी से बदलना शुरू कर दिया। उन्होंने शिक्षा से लेकर भाषा और सेना में पदों के नाम तक का भारतीयकरण किया। बाद में अंग्रेजों ने अपनी व्यवस्था को देश में लागू कर दिया। वर्ष 1947 में देश के आजाद होने के तुरंत बाद शिवाजी महाराज से प्रेरणा लेकर अपनी स्व व्यवस्था लागू की जाए लेकिन ऐसा नहीं किया गया। आज स्वाधीनता के 75 वर्ष पूर्ण होने पर देश अपनी स्व व्यवस्था लागु करने के प्रयास हो रहे है।
इन्द्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिल्ली प्रान्त प्रचार प्रमुख एवं वेबसाइट के संपादक रीतेश अग्रवाल जी ने बताया की इन्द्रप्रस्थ विश्व संवाद केन्द्र (IVSK) एक मीडिया सेन्टर है। जो विभिन्न विषयों को लेकर मीडिया एवं जनता से निरंतर संवाद एवं संपर्क बनाने एवं राष्ट्रीय विमर्श को आगे बढ़ाने का कार्य करता है।
उन्होंने बताया की अपनी स्थापना से ही अपने उद्देश्य राष्ट्र एवं चरित्र निर्माण, राष्ट्रीय प्रगति, एकता एवं सामाजिक समरसता स्थापित करने तथा राष्ट्रीय विचारों एवं भारतीय संस्कृति को मीडिया तथा जन – जन तक पहुँचाने के कार्य में निरंतर लगा हुआ है। इन्द्रप्रस्थ विश्व संवाद केन्द्र द्वारा प्रत्येक वर्ष पत्रकार होली मिलन, पत्रकार दीपावली मिलन एवं ब्रह्माण्ड के प्रथम पत्रकार देव ऋषि नारद की जयंती के अवसर पर देव ऋषि नारद पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है।
रीतेश जी ने कहा की राष्ट्रीय विचार एवं चरित्र निर्माण के उद्देश्य से इन्द्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र के द्वारा ‘इन्द्रप्रस्थ संवाद’ नाम से मासिक पत्रिका का प्रकाशन भी किया जा रहा है। इस इन्द्रप्रस्थ संवाद पत्रिका के माध्यम से दिल्ली में सामाजिक, राष्ट्रीय, संस्कृति, संस्कार, स्वालंबन जैसे विषयों को लेकर समाज में जन जागरण करने एवं व्यक्ति निर्माण के उद्देश्य को पूरा किया जा रहा है।
समय के साथ बदलते तकनीक एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इन्द्रप्रस्थ विश्व संवाद केन्द्र की नवीन वेबसाइट www.ivskdelhi.in का निर्माण किया गया है।

IVSK




